दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में 9 माह की मासूम बच्ची के साथ दुराचार की आशंका का मामला सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि बच्ची का ही रिश्ते का चचेरा दादा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मां ने आपत्तिजनक स्थिति में देखा, आरोपी फरार
जानकारी के अनुसार बच्ची घर में थी और उसकी मां घरेलू काम में व्यस्त थी। इसी दौरान जब वह कमरे में पहुंची तो आरोपी को बच्ची के साथ आपत्तिजनक हालत में देखा। मां को देखते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना से घबराए परिजन तत्काल थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
आधी रात अस्पताल पहुंची पुलिस, मेडिकल जांच जारी
शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात पुलिस बच्ची को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों की टीम ने मेडिकल परीक्षण किया। बच्ची को उपचार के लिए भर्ती किया गया है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, हालांकि पूरी घटना की बारीकी से जांच की जा रही है।
एसपी की निगरानी, अधिकारियों की मौजूदगी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी लगातार अस्पताल और जांच टीम से जानकारी ले रहे हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदोरिया, सीएसपी एचआर पांडे, कोतवाली टीआई मनीष कुमार, टीआई अंजलि अग्निहोत्री, थाना प्रभारी अभिषेक पटेल सहित अन्य अधिकारी देर रात तक अस्पताल में मौजूद रहे और स्थिति की मॉनिटरिंग करते रहे।
जिला अस्पताल में सिविल सर्जन डॉ. प्रहलाद पटेल, डॉ. सीमा और अन्य चिकित्सकों की टीम बच्ची की जांच व उपचार में जुटी है।
आरोपी की तलाश में टीम गठित
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पीड़िता की मां की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। मानवता को शर्मसार करती घटना से लोगो में आक्रोश है, जिसके चलते ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।









