ई-टोकन प्रणाली से दमोह में खाद वितरण प्रक्रिया शुरू, घर बैठे टोकन बुक कर सकेंगे
स्मार्ट फोन उपयोग न करने वालों को आ रही समस्या
दमोह जिले में खाद वितरण को लेकर किसानों को हर सीजन भारी समस्याओं का सामना करना पड़ता था। रैक समय पर न लगने और अधिक भीड़ पहुंचने से व्यवस्था बिगड़ जाती थी। इन अव्यवस्थाओं को दूर करने के लिए कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर की अध्यक्षता में जिला विपणन अधिकारी इंद्रपाल सिंह राजपूत, उपसंचालक कृषि जे.एल. प्रजापति सहित अधिकारियों की बैठक में 1 दिसंबर से जिले में ई-टोकन सिस्टम लागू करने का निर्णय लिया गया था।
नई व्यवस्था के तहत किसान घर बैठे पोर्टल पर टोकन बुक कर खाद वितरण केंद्र से खाद प्राप्त कर सकते हैं। वही इस व्यवस्था को लागू होने के दूसरे दिन आज मंगलवार दोपहर 3 बजे तक 100 से अधिक किसानों को ई-टोकन के माध्यम से खाद वितरित किया गया है। हालांकि स्मार्टफोन न होने से कुछ किसानों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। जिनके केंद्र पर ही ऑनलाइन टोकन बुक कराए गए।
मामले में जिला ई-गवर्नेंस प्रबंधक महेश अग्रवाल ने बताया कि ई-टोकन व्यवस्था से किसानों को घंटों लाइन में नहीं लगना पड़ रहा। फिलहाल प्रत्येक किसान को 3 बोरी डीएपी दी जा रही है। एनपीके खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। सागर नाका केंद्र पर ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों काउंटर संचालित किए जा रहे हैं। जिनसे किसान आसानी से खाद्य प्राप्त कर सकते है।









