दमोह जबलपुर मार्ग पर चिरई चौंच और हथनी के बीच गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार ऑटो रिक्शा और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार आनू निवासी तीरथ लोधी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जिनके द्वारा घायलों को स्थानीय राहगीरों की मदद से जिला अस्पताल लाया गया। जहां हथनी पशु चिकित्सालय में पशु परिचालक के पद पर पदस्थ आनू निवासी तीरथ पिता स्व. देवी सिंह लोधी उम्र 29 वर्ष को मौजूद डॉक्टर चक्रेश चौधरी, ऐश्वर्य, मधुर जैन ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
हादसे में दमोह निवासी ऑटो चालक भूपेंद्र पिता अर्जुन सिंह ठाकुर उम्र 45 वर्ष भी गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस ने शव बरामद कर जिला अस्पताल में बने शव ग्रह में सुरक्षित रखवा दिया है। जहां पंचनामा पोस्टमार्टम कार्यवाही के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।









