दमोह। हटा विधानसभा क्षेत्र के पटेरा थाना अंतर्गत ग्राम लुहर्रा की 20 वर्षीय सपना लोधी की हालत गंभीर हो गई। सपना गर्भवती थी, लेकिन उसके गर्भ में 6 माह के शिशु की मौत हो गई, जिसके बाद शरीर में तेजी से इंफेक्शन फैलने लगा। स्थिति बिगड़ने पर परिजनों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल दमोह में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने मामले को अत्यंत गंभीर बताते हुए उच्च स्तरीय उपचार की जरूरत बताई।
जिला अस्पताल में पदस्थ डॉ. विक्रम चौहान, जो एयर लिफ्ट एम्बुलेंस सेवा के प्रभारी भी हैं, ने घटना की जानकारी कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर को दी। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा संचालित पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से मरीज को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था करवाई।
कलेक्टर के निर्देश पर शुक्रवार सुबह लगभग 9:30 बजे जबलपुर से आई विशेष एयर लिफ्ट टीम दमोह पहुंची। मेडिकल टीम की निगरानी में सपना को जिला अस्पताल के आईसीयू से स्ट्रेचर के माध्यम से बाहर लाया गया और एयरलिफ्ट हेलीकॉप्टर के जरिए भोपाल एम्स के लिए रवाना किया गया।
एयरलिफ्ट की पूरी प्रक्रिया के दौरान कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर, पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी, प्रशासनिक अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही। अधिकारियों की सतत मॉनिटरिंग और त्वरित कार्रवाई के कारण गंभीर रूप से बीमार सपना को समय रहते उच्च स्तरीय उपचार के लिए भोपाल भेजा जा सका।
यह जिले में पहली बार है जब किसी मरीज को एयर लिफ्ट के माध्यम से भेजा गया। मामले में परिजनों ने जिला प्रशासन और एयर एम्बुलेंस टीम का आभार जताते हुए कहा कि त्वरित निर्णय और मदद से मरीज की जान बचने की उम्मीद बढ़ गई है।









