दमोह। कोतवाली थाना क्षेत्र के ढ़िमरौला मोहल्ले में शनिवार दोपहर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। आज शनिवार दोपहर श्यामबाई पति स्वर्गीय पुन्ना लाल रायकवार के घर में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और उठते धुएं ने पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बना दिया। आसपास के लोग घरों से बाहर निकलकर मौके पर पहुंचे और हालात को संभालने में जुट गए।
स्थानीय लोग बने फायर फाइटर
आग भड़कते ही मोहल्ले में हड़कंप मच गया, लेकिन लोगों ने घबराने के बजाय तुरंत बाल्टियों और टंकियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। कई युवाओं ने मोटर पंप चलाकर पाइप के माध्यम से पानी अंदर पहुंचाने का प्रयास किया। कुछ लोगों ने दरवाजे-खिड़कियां तोड़कर अंदर से लपटों को रोकने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कोई अंदर तक नहीं जा सका। उनकी सूझबूझ की वजह से आग घरों से आगे फैलने से बच गई, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
फायर ब्रिगेड पहुंची, पर संकरी गलियों ने रोका रास्ता
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर तो पहुंच गई, लेकिन ढ़िमरौला की अत्यधिक संकरी गलियों के कारण दमकल वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाया। फायर ब्रिगेड चालक बलराम सेन ने बताया कि गली इतनी तंग थी कि वाहन अंदर ले जाना संभव ही नहीं था, जिसके कारण टीम को दूर रुककर सीमित साधनों से सहायता करनी पड़ी।
घरेलू सामान व आवश्यक दस्तावेज जलकर राख
जब तक आग पर नियंत्रण पाया गया, तब तक घर का अधिकांश सामान जल चुका था। कपड़े, बर्तन, फर्नीचर, बच्चों की किताबें, अलमारी में रखे जरूरी कागजात, बैंक पासबुक और पहचान संबंधी दस्तावेज पूरी तरह नष्ट हो गए। पीड़ित परिवार के लिए यह भारी नुकसान साबित हुआ, क्योंकि कई दस्तावेज दोबारा बनवाना बेहद मुश्किल होगा।
आर्थिक मदद की गुहार
पीड़ित श्यामबाई ने रोते हुए बताया कि घर में जो भी थोड़ा-बहुत सामान था, वह भी राख में बदल गया। अब उनके परिवार के सामने आजीविका और दैनिक जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने जिला प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है, ताकि वे पुनः अपने घर का पुनर्निर्माण कर सकें। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र राहत देने की अपील की है।
संकरी गलियों की वजह से आपात स्थिति में राहत-बचाव कार्य में आ रही दिक्कतों ने एक बार फिर नगर निकायों की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।









