दमोह कलेक्ट्रेट में सामने आया अनोखी बीमारी का मामला,आधार अपडेट न हो पाने से बच्ची को नहीं मिल पा रहा योजनाओं का लाभ, योजनाओं से वंचित दिव्यांग बच्ची के समाधान के कलेक्टर ने दिए तत्काल निर्देश
दमोह। कलेक्ट्रेट कार्यालय में मंगलवार दोपहर एक अजीबो-गरीब और बेहद संवेदनशील मामला सामने आया, जब पटेरा ब्लॉक अंतर्गत आने वाले मझगुवा पतोल निवासी अमित नामदेव अपनी नाबालिग बेटी मोनिका नामदेव के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। पिता अमित नामदेव ने कलेक्टर को बताया कि उनकी बेटी जन्म से ही एक अनोखी बीमारी से जूझ रही है। बच्ची के शरीर से अचानक चमड़ी निकलने लगती है और कुछ समय बाद दोबारा बनने लगती है। यह समस्या लगातार बनी हुई है, जिसके कारण बच्ची को दर्द, जलन और तकलीफ का सामना करना पड़ता है।
परिजनों ने बताया कि अब तक मोनिका का उपचार जबलपुर, नागपुर और भोपाल समेत कई बड़े अस्पतालों में कराया जा चुका है, लेकिन डॉक्टर बीमारी की मूल वजह का पता नहीं लगा पाए हैं। बच्ची की हालत ऐसी है कि उसके हाथों के फिंगरप्रिंट और आंखों की रेटिना भी सही ढंग से काम नहीं कर रही। इसी कारण आधार अपडेट न होने से मोनिका शासकीय योजनाओं से वंचित है। न तो उसे दिव्यांग पेंशन का लाभ मिल पा रहा है और न ही राशन दुकान से खाद्यान्न मिल रहा है।
स्थिति से परेशान परिजनों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और बच्ची की समस्या तथा योजनाओं से वंचित होने की जानकारी दी। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने तुरंत संज्ञान लेते हुए बच्ची का आवेदन फॉर्म भरकर भोपाल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने आयुष्मान भारत विभाग भोपाल से संपर्क साधते हुए तत्काल समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पहली प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि बच्ची को शासकीय योजनाओं का लाभ मिले, ताकि आर्थिक और सामाजिक सहायता तुरंत उपलब्ध हो सके।
कलेक्टर ने आगे कहा कि इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम से बच्ची की बीमारी का विस्तृत परीक्षण कराया जाएगा और यह देखा जाएगा कि उसके बेहतर उपचार की व्यवस्था कहां की जा सकती है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मोनिका के लिए हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि परिवार की परेशानियाँ कम हों और बच्ची को उचित उपचार मिल सके।
इस अनोखे और पीड़ादायक मामले ने कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा और प्रशासन ने त्वरित कदम उठाते हुए मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया।









