दमोह देहात थाना क्षेत्र की सागर नाका चौकी अंतर्गत आने वाले बांसा तारखेड़ा में शनिवार रविवार की दरमियानी रात एक झोपड़े में आग लगने से 4 माह के मासूम की मौत हो जाने की दर्दनाक घटना सामने आई है।
घटना के दौरान झोपड़ी में अचानक आग लगने से चार माह के मासूम की जलकर मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक जितेंद्र पिता हरि सिंह ठाकुर का चार माह का बेटा झोपड़ी में सो रहा था। जबकि परिजन कुछ ही दूरी पर खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान झोपड़ी में अचानक आग भड़क उठी और कुछ ही देर में मासूम आग की चपेट में आ गया। घटना के वक्त 2 वर्षीय भाई भी बचाने के चक्कर में आग की चपेट में आकर झुलस गया।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर सुधीर कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी के निर्देशन में SDM आर एल वांगरी, ASP सुजीत सिंह भदौरिया, देहात थाना प्रभारी रचना मिश्रा, सागर नाका चौकी प्रभारी रोहित द्विवेदी दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घटनास्थल का जायजा लिया। घटना के बाद मासूम के शव को जिला अस्पताल लाया गया। जहां शव ग्रह में सुरक्षित रखवाया गया है। वहीं पुलिस ने मर्ग कायम कर आग लगने के मुख्य कारणों की जांच शुरू कर दी है।









