मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस, हत्या या आत्महत्या जांच में जुटी पुलिस
दमोह। शहर के बिलवारी मुहल्ला बजरिया, वार्ड क्रमांक-3 निवासी 32 वर्षीय चंद्रभान पिता संत कुमार कटारया का शव मंगलवार बुधवार की दरमियानी रात करीब 2 से 3 बजे के फुटेरा फाटक स्थित रेलवे ट्रैक पर मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
घटना को सूचना के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक जिला जनसंपर्क कार्यालय दमोह में पदस्थ बताया जा रहा है। घटना फुटेरा फाटक से कटनी की ओर करीब एक किलोमीटर की दूरी पर हुई।
रेलवे विभाग के कर्मचारियों ने ट्रैक पर शव दिखाई देने के बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डायल 112 के पायलट आदी खान और आरक्षक सुमित चौबे मौके पर पहुंचे और कंट्रोल रूम को जानकारी दी। इसके बाद कोतवाली TI मनीष कुमार, उप निरीक्षक रघुराज सिंह, बजरिया चौकी प्रभारी एएसआई राकेश पाठक भी घटनास्थल पर पहुंचे।
और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने आसपास के क्षेत्र का मुआयना कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर ही हो सकेगा। फिलहाल शव को जिला अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवाया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और परिचित जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने परिजनों से प्राथमिक जानकारी जुटाई है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
इस घटना से पत्रकार जगत और जिला जनसंपर्क विभाग में शोक की लहर है। सहकर्मियों और परिचितों ने मृतक को शांत स्वभाव और मिलनसार व्यक्ति बताया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।









