तैयारियों के विषय में अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश
दमोह। आगामी 26 जनवरी को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह की तैयारियों को लेकर बुधवार शाम 5 बजे कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर एवं पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शहर के स्टेडियम ग्राउंड पहुंचे। अधिकारियों ने समारोह स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने बताया कि पूर्व वर्षों में अंतिम समय में तैयारियां होती थीं, लेकिन इस बार एक माह पूर्व निरीक्षण कर कमियों को दूर करने का निर्णय लिया गया है। निरीक्षण में कई खामियां सामने आई हैं, जिन्हें शीघ्र सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बाउंड्री वॉल की पुताई, चबूतरे की चौड़ाई बढ़ाने तथा स्टेडियम परिसर को नियमित खेलकूद के उपयोग योग्य बनाने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। कलेक्टर ने कहा कि गणतंत्र दिवस से पहले सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएंगी।
वहीं पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बताया कि गणतंत्र दिवस कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पूर्व में किए गए कार्यों में आवश्यक बदलाव किए जा रहे हैं और इस वर्ष स्टेडियम परिसर में और अधिक भव्य आयोजन देखने को मिलेगा।









