दमोह जिले के पटेरा ब्लॉक अंतर्गत आने वाले ग्राम बेलखेड़ी में संदिग्ध अनाज का सेवन करने से एक दर्जन से अधिक लोग बीमार हो गए। इनमें बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और पुरुष सभी शामिल हैं। सभी मरीजों को गंभीर अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटेरा से देर रात जिला अस्पताल दमोह रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया। जिला अस्पताल में सिविल सर्जन डॉ प्रह्लाद पटेल, अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों की टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार मरीजों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। बच्चों के बीमार होने की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग ने विशेष सतर्कता बरतते हुए आवश्यक जांच और उपचार की व्यवस्था की है।
परिजनों के मुताबिक, कुछ लोगों ने “कूदई” नामक अनाज का सेवन चने की भाजी के साथ किया था, जिसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। प्राथमिक तौर पर खाद्य विषाक्तता की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस भी सक्रिय हो गई है। कोतवाली TI मनीष कुमार भी पुलिस स्टाफ के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी एकत्र की। स्वास्थ्य विभाग द्वारा संदिग्ध खाद्य सामग्री के सैंपल जांच के लिए भेजे जाने की तैयारी की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मुख्य कारणों का खुलासा किया जा सकेगा।









