दमोह। शहर में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर नगर पालिका ने शुक्रवार शाम कचौरा शॉपिंग सेंटर में बड़ी कार्रवाई की गई। नगर पालिका की अतिक्रमण विरोधी टीम ने जेसीबी की मदद से 30 से अधिक दुकानदारों के बाहर लगे टीन सेट हटाए गए। साथ ही सब्जी बाजार में दुकानदारों और विक्रेताओं द्वारा किए गए कब्जों को भी हटाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
बताया गया कि कचौरा बाजार में लंबे समय से दुकानदारों द्वारा सड़क तक सामान फैलाने और अस्थायी निर्माण करने की शिकायतें मिल रही थीं। इस संबंध में कलेक्टर सुधीर कोचर के पास भी लगातार शिकायतें पहुंच रही थीं। कलेक्टर के निर्देश पर नगर पालिका सीएमओ राजेंद्र सिंह लोधी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
कार्रवाई से पहले मुनादी कराकर दुकानदारों को सामान हटाने का समय दिया गया। कुछ लोगों ने विरोध किया, लेकिन प्रशासन की सख्ती के चलते कार्रवाई जारी रही। सीएमओ ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की यह मुहिम 15 जनवरी तक जारी रहेगी। इसके बाद शहर के अन्य इलाकों में कर रखे अवैध अतिक्रमण को हटाने यह अभियान चलाया जाएगा।









