पथरिया। पथरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत नंदरई गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब सजिया हार के पास स्थित संबेल टैंक के निर्माण स्थल पर एक व्यक्ति का बुरी तरह जला हुआ शव बरामद हुआ। शव की हालत देखकर प्राथमिक तौर पर बिजली का करंट लगने से मौत की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने पथरिया थाना पुलिस को घटना को सूचना दी। सूचना पर थाना प्रभारी अमित मिश्रा पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मृतक की पहचान जेरठ निवासी मनोहर उर्फ गुड्डू कडेरे पिता रामकिशन उम्र 50 वर्ष के तौर पर की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक के शरीर के कई हिस्से बुरी तरह झुलसे हुए थे और घटनास्थल के पास बिजली के तार भी मौजूद थे, जिससे हादसे की संभावना जताई जा रही है।
थाना प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने से मौत का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी है।









