दमोह। जिले के नोहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले 17 मील के समीप शुक्रवार शाम 6 बजे दो बाइकों की आमने-सामने से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद दो लोगों को मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तेजगढ़ निवासी भुज्जी अहिरवार, दामोदर अहिरवार और परमलाल अहिरवार बाइक से तेजगढ़ से बनवार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सिमरी खुर्द निवासी जितेंद्र साहू, अपनी पत्नी मोहिनी साहू के साथ नोहटा से अपने गांव सिमरी लौट रहे थे। उनकी बाइक से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाईकों के परखच्चे उड़ गए और सभी सड़क पर गिर पड़े।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने भुज्जी अहिरवार और जितेंद्र साहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं दामोदर अहिरवार, परमलाल अहिरवार और मोहिनी साहू का इलाज जारी है। वहीं परमलाल की हालत गंभीर होने पर उसे जबलपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद नोहटा थाना प्रभारी अभिषेक पटेल भी मौके पर पहुंचे जिन्होंने घायलों के बयान दर्ज करते हुए मामले की विवेचना शुरू कर दी है।









