दमोह। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में शनिवार दोपहर 1 बजे से शहर के तहसील ग्राउंड परिसर में युवा संगम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रांत प्रचारक ब्रजकांत, जिला प्रचारक भैया कुमार, उत्कृष्ट विद्यालय प्राचार्य बी.के. पटेल एवं जिला संघ चालक अश्वनी नामदेव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
युवा संगम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक जिम्मेदारी और संस्कारों का विकास करना रहा। आयोजन के माध्यम से भारतीय संस्कृति, अनुशासन, सेवा भाव और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। साथ ही शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान महर्षि विद्यालय, गुरुनानक स्कूल, सरस्वती स्कूल सहित अन्य शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। एयर स्ट्राइक, पाकिस्तानी हमले के बाद की जवाबी कार्रवाई और ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने संघ की विचारधारा पर प्रकाश डालते हुए समाज में जनजागरण का आह्वान किया। कार्यक्रम में संघ के स्वयंसेवकों सहित बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।









