दमोह स्वामी विवेकानंद जी की जन्मजयंती के अवसर पर आज सोमवार सुबह 9 बजे से शहर के केशव नगर स्थित सरस्वती विद्या बिहार स्कूल परिसर में जिला स्तरीय सूर्य नमस्कार युवा दिवस कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन एवं योग समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संदेश पढ़कर सुनाया गया, जिसमें उन्होंने युवाओं से योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम प्रशांत असाटी एवं केके परोहा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर, विवेक शेनडे, सुशील गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी एस.के. नेमा, डीपीसी मुकेश द्विवेदी, जनपद अध्यक्ष राजू ठाकुर, नर्मदा एकता सहित समस्त अधिकारी एवं स्कूल विभाग प्रमुख मौजूद रहे।
भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में संपन्न कार्यक्रम का सीधा प्रसारण LED स्क्रीन के माध्यम से किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने ध्यानपूर्वक देखा और सुना। वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक और आत्मिक विकास का भी सशक्त माध्यम है।
स्वामी विवेकानंद जी के विचारों का स्मरण करते हुए वक्ताओं ने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है और योग, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच से ही सशक्त भारत का निर्माण संभव है। कार्यक्रम में सामूहिक सूर्य नमस्कार कर योग के महत्व का संदेश दिया गया। इस दौरान सामाजिक संगठन के सदस्यों शिक्षक शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में स्कूली छात्र छात्राओं की मौजूदगी रही।









