दमोह शहर के सागर नाका चौकी अंतर्गत हिरदेपुर नर्सरी के पास रविवार शाम तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने आगे चल रही कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा सागर नाका स्थित नगर पालिका के साइन बोर्ड और पूर्व विधायक रामबाई के निवास के पास हुआ। टक्कर लगते ही कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिससे कार आगे पीछे दिनों ओर से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
गनीमत यह रही कि कार के एयर बैग खुलने से कोई जनहानि नहीं हुई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर तीन गुल्ली की ओर से आ रहा था और गेहूं से भरी बोरियां लेकर कृषि उपज मंडी जा रहा था।स्थानीय लोगों ने बताया कि डिवाइडर के बाद साइन बोर्ड न होने से यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। सूचना पर सागर नाका चौकी प्रभारी रोहित द्विवेदी के निर्देशन में पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के सम्बद्ध मे जानकारी लेकर मामूली घायल कार सवारों को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजकर जांच शुरू कर दी है।









