दमोह प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को जबेरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नोहटा में आयोजित नोहलेश्वर महोत्सव मेले में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन कर किसान सम्मेलन का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नोहलेश्वर महादेव की कृपा से प्रदेश विकास और जनकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। यह महोत्सव आस्था के साथ स्थानीय संस्कृति, परंपरा और सामाजिक समरसता का उत्सव है तथा सरकार आस्था स्थलों के संरक्षण और पर्यटन विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
किसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने नोहटा को परीक्षण के बाद नगर परिषद बनाने की घोषणा की। दमोह में 2 करोड़ रुपये से गीता भवन निर्माण, बांदकपुर-सेमरखो जलाशय की क्षमता वृद्धि के साथ 600 करोड़ रुपये की नई सिंचाई परियोजना, जिससे 33 गांवों को लाभ मिलेगा, की स्वीकृति दी। 10 करोड़ रुपये से वॉटर स्पोर्ट्स व बोट क्लब विकसित किए जाएंगे तथा तेंदूखेड़ा और हटा में नए स्टेडियम बनाए जाएंगे। तेंदूखेड़ा में 165 करोड़ की नई योजना और दमोह के लिए फोरलेन सड़क की भी मंजूरी दी गई।
कार्यक्रम में धर्मेंद्र सिंह लोधी, लखन पटेल, जयंत मलैया, राहुल सिंह लोधी, रामकृष्ण कुसमरिया, उमा खटीक, रंजीता गौरव पटेल सहित जनप्रतिनिधि, कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर, एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी कर्मचारी सुरक्षा की दृष्टि से मौजूद रहे।









