दमोह विद्यार्थियों की सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और समस्याओं के त्वरित निराकरण को प्राथमिकता देते हुए दमोह पुलिस ने एक सराहनीय नवाचार की शुरुआत की है। पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी द्वारा छात्र हितों को ध्यान में रखते हुए जिले के शासकीय एवं निजी स्कूलों में ‘हौसला पेटी’ स्थापित की जा रही है। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को अपनी समस्याएं, शिकायतें या मानसिक तनाव साझा करने के लिए सुरक्षित और गोपनीय माध्यम उपलब्ध कराना है।
आज मंगलवार दोपहर एसपी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने ‘हौसला पेटी’ का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर एएसपी सुजीत सिंह, सीएसपी एचआर पांडे तथा टीआई कोतवाली मनीष कुमार उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि छात्र-छात्राएं शिक्षा से जुड़ी परेशानियां, पारिवारिक कलह, किसी प्रकार का मानसिक तनाव, उत्पीड़न या अन्य शिकायतें गोपनीय रूप से इस पेटी में डाल सकेंगे। संबंधित क्षेत्र के बीट प्रभारी पुलिसकर्मी इन पेटियों को नियमित रूप से खोलेंगे और प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
प्राथमिक चरण में शहर के विभिन्न विद्यालयों में 20 ‘हौसला पेटियां’ स्थापित की जा रही हैं। पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आने पर इनकी संख्या में और वृद्धि की जाएगी। पुलिस का मानना है कि यह कदम विद्यार्थियों और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करेगा तथा संवेदनशील मामलों के समय पर समाधान में सहायक सिद्ध होगा।
दमोह पुलिस की यह पहल न केवल कानून-व्यवस्था के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय संवेदना का भी परिचायक है।









