दमोह/पथरिया सागर जिले के गोला कुआं बड़ा बाजार क्षेत्र में बैंड कलाकार विवेक बंसल की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना ने पूरे प्रदेश में सनसनी फैला दी है। घटना के विरोध में धानक समाज खुलकर सड़क पर उतर आया है। बुधवार को अखिल भारतीय धानक समाज संगठन के नेतृत्व में समाजजनों ने दमोह जिले के पथरिया एसडीएम निकेत चौरसिया के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में साफ चेतावनी दी गई है कि यदि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोर सजा नहीं दी गई और समाज को सुरक्षा की गारंटी नहीं मिली, तो देशभर का धानक समाज सामूहिक धर्म परिवर्तन के लिए बाध्य होगा।
विवाह समारोह में चली गोली, मौके पर मौत
जानकारी के अनुसार 12 फरवरी की रात करीब 10 बजे गोला कुआं बड़ा बाजार क्षेत्र में सोनी समाज के एक विवाह समारोह में बैंड बाजा बजाने का कार्यक्रम चल रहा था। आरोप है कि दूल्हे के कुछ साथियों ने अपनी पसंद की धुन बजाने का दबाव बनाया। मनचाही धुन तुरंत पूरी न होने पर विवाद बढ़ गया और इसी दौरान विवेक बंसल को गोली मार दी गई। गोली लगते ही अफरा-तफरी मच गई और गंभीर रूप से घायल विवेक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि समाज का आरोप है कि अब तक आरोपियों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
समाज में रोष और भय
विवेक बंसल की हत्या से बंसल परिवार के साथ-साथ धानक समाज और बैंड बाजा व्यवसाय से जुड़े लोगों में गहरा आक्रोश है। समाज के लोगों का कहना है कि शादी-विवाह जैसे आयोजनों में काम करने वाले कलाकारों की सुरक्षा को लेकर कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। आए दिन बदसलूकी, मारपीट और धमकी की घटनाएं सामने आती रहती हैं, लेकिन कार्रवाई न होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं।
ज्ञापन में रखी गईं प्रमुख मांगें
अखिल भारतीय धानक समाज संगठन ने मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में निम्न मांगें रखीं—
मृतक के परिजनों को ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता दी जाए।
परिवार के एक सदस्य को शासकीय नौकरी प्रदान की जाए।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्थायी पट्टा सहित आवास उपलब्ध कराया जाए।
आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर कठोर सजा दिलाई जाए।
विवाह समारोहों में काम करने वाले बैंड कलाकारों और अन्य श्रमिकों की सुरक्षा के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
“अब अत्याचार सहन नहीं”
ज्ञापन सौंपते समय समाज के वरिष्ठ सदस्य मथुरा प्रसाद बंसल और जिला अध्यक्ष गिरधारी लाल बंसल ने कहा कि यदि समाज के बच्चों और युवाओं पर इसी तरह अत्याचार होते रहे, तो धानक समाज हिंदू धर्म छोड़ने को मजबूर हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यह चेतावनी नहीं, बल्कि पीड़ा और असुरक्षा की भावना का परिणाम है।
बड़ी संख्या में जुटे समाजजन
ज्ञापन कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष गिरधारी बंसल, ब्लॉक अध्यक्ष मायाराम बंसल, प्रदेश सचिव लाल चंद्र बंशवती सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। प्रशासन ने ज्ञापन लेकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
घटना के बाद से क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। समाज अब सरकार और प्रशासन की अगली कार्रवाई का इंतजार कर रहा है।









