दमोह शहर के शोभानगर स्थित फिल्टर प्लांट पर शनिवार सुबह करीब 10 बजे नगर पालिका की सफाई व्यवस्था ठप हो गई, जब सफाई कार्य में लगे वाहनों के ड्राइवरों और कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू कर दी। कर्मचारियों ने वाहनों की खराब स्थिति, बीमा न होने और नियमित मेंटेनेंस के अभाव को लेकर काम बंद कर विरोध जताया।
सूचना मिलते ही मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेंद्र सिंह लोधी मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों से चर्चा कर समस्याओं की जानकारी ली। कर्मचारियों ने बताया कि शहर की सफाई में लगे ट्रैक्टर, ट्रॉली, अपर-डिपर, ट्राला, जेसीबी सहित अन्य वाहन लंबे समय से सर्विसिंग के अभाव में जर्जर हो चुके हैं। कई वाहन कंडम हालत में हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
कर्मचारियों का कहना है कि वर्षों से कई वाहनों का बीमा तक नहीं कराया गया है। ऐसे में दुर्घटना की स्थिति में विभाग और चालकों को गंभीर नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सफाई कर्मियों से ड्राइविंग का कार्य कराया जा रहा है, जबकि उन्हें सफाई कर्मियों के वेतनमान के अनुसार ही भुगतान किया जा रहा है।
नियमित, दैनिक वेतनभोगी और आउटसोर्स कर्मचारियों ने बताया कि पूर्व में भी कई बार विभागीय अधिकारियों को समस्याओं से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन समाधान नहीं हुआ। कर्मचारियों ने सभी वाहनों का तत्काल बीमा कराने, नियमित मेंटेनेंस सुनिश्चित करने और वेतन विसंगतियों को दूर करने की मांग की।
इस संबंध में सीएमओ राजेंद्र सिंह लोधी ने आश्वासन दिया कि सोमवार तक जिन वाहनों का बीमा नहीं हुआ है, उनका बीमा करा दिया जाएगा। साथ ही वाहनों के सुधार कार्य के लिए भी आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।









