दमोह देहात थाना क्षेत्र में चोरी–नकबजनी के मामले में गिरफ्तार आरोपी के पुलिस हिरासत से फरार होने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। रविवार अल सुबह शौच के बहाने बाहर ले जाए गए आरोपी ने आरक्षक और प्रधान आरक्षक की मौजूदगी में पुलिस को चकमा देकर भागने में सफलता हासिल कर ली। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
40 लाख की चोरी में हुई थी गिरफ्तारी
सीएसपी एच.आर. पांडे ने रविवार दोपहर देहात थाने पहुंचकर बताया कि बीते दिन करीब 40 लाख रुपए की चोरी की वारदात में जयराम काछी और उसके पिता संतोष काछी को गिरफ्तार किया गया था। मुख्य आरोपी जयराम काछी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया था, जबकि सह-आरोपी संतोष काछी पुलिस सुरक्षा में था। पुलिस के अनुसार, सह-आरोपी संतोष काछी पर पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी द्वारा 2 हजार रुपए का इनाम भी घोषित था।
अल सुबह 4 से 5 बजे के बीच हुआ फरार
रविवार तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच संतोष काछी ने शौच के लिए जाने की बात कही। इसी दौरान पुलिस सुरक्षा में ले जाए जाने पर उसने मौका पाकर जवानों को चकमा दिया और फरार हो गया। आरोपी के भागने की सूचना मिलते ही देहात थाना क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर तलाशी शुरू कर दी गई।
धारा 262 BNS में प्रकरण दर्ज
सीएसपी पांडे ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 262 के तहत मामला दर्ज किया गया है। दो से अधिक पुलिस टीमें गठित कर चारों दिशाओं में तलाश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लापरवाही पर उठे सवाल
घटना के बाद देहात थाना प्रभारी रचना मिश्रा एवं संबंधित पुलिस स्टाफ की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस सुरक्षा के बीच आरोपी का फरार होना बड़ी चूक माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।









