दमोह जिले के बटियागढ़ विकासखंड के कुछ हिस्सों में आज सोमवार सुबह करीब पांच मिनट तक हल्की रिमझिम बारिश हुई। भले ही बारिश कम समय की रही, लेकिन इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। क्षेत्र के अधिकांश खेतों में इन दिनों गेहूं, चना सहित अन्य रबी फसलों की कटाई अंतिम चरण में है और कटी फसल मड़ाई व उठाव के लिए खुले में डाली गई है।
अचानक बदले मौसम के कारण किसानों को आशंका है कि यदि तेज या लगातार बारिश होती है तो फसल भीगने से उसकी गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है, जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। ग्रामीण इलाकों में मौसम का यह बदलाव चर्चा का विषय बना हुआ है।
किसानों का कहना है कि यदि मौसम साफ रहा तो स्थिति सामान्य रहेगी, लेकिन बारिश की संभावना बढ़ी तो परेशानी खड़ी हो सकती है। फिलहाल बारिश थम चुकी है, फिर भी किसान आसमान की ओर नजर बनाए हुए हैं।
इधर प्रशासन और कृषि विभाग द्वारा किसानों को मौसम की स्थिति को देखते हुए फसल को सुरक्षित स्थान पर रखने तथा शीघ्र मड़ाई कराने की सलाह दी जा रही है, ताकि संभावित नुकसान से बचाव किया जा सके।









