दमोह जिले के गैसाबाद थाना क्षेत्र में छेड़छाड़ से परेशान एक नाबालिग छात्रा द्वारा कीटनाशक दवा का सेवन करने का मामला सामने आया है। शुक्रवार शाम घर में जहर खाने के बाद परिजन उसे तत्काल हटा सिविल अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं आज शुक्रवार शाम 7 बजे छात्रा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां मौजूद डॉक्टर ने परीक्षकों के बाद हालत चिंताजनक बताई है।
परिजनों के अनुसार, कक्षा 10वीं में पढ़ने वाली छात्रा को उसी स्कूल का एक छात्र कई दिनों से परेशान कर रहा था। इसकी शिकायत शिक्षकों से भी की गई थी और छात्र को फटकार लगाई गई थी, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। आरोप है कि शुक्रवार को परीक्षा देकर लौटते समय उसने फिर छेड़छाड़ की और बदनाम करने की धमकी दी। इससे आहत होकर छात्रा ने घर पहुंचकर आत्मघाती कदम उठा लिया।
परिजन सीधे अस्पताल पहुंचे। आलोक जैन ने बताया कि छात्रा के बयान लिए गए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने भी पीड़ित के बयान दर्ज करते हुए मामले को संज्ञान में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है।









