दमोह जिले के हिडोरिया कस्बे की होनहार बेटी साधिका अंजुम ने मध्यप्रदेश प्राथमिक शिक्षक भर्ती परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। साधिका स्वर्गीय इसरार खान शिक्षक की पुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि से हिडोरिया सहित पूरे दमोह जिले में हर्ष का माहौल है।
साधिका अंजुम ने समूचे मध्यप्रदेश में प्राथमिक शिक्षक भर्ती परीक्षा में टॉप कर यह साबित कर दिया कि कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। साधिका की इस सफलता पर क्षेत्रवासियों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई दी है।

पहले भी कई परीक्षाओं में पा चुकी हैं सफलता
साधिका अंजुम इससे पहले भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं। वे मध्यप्रदेश पुलिस, जेल प्रहरी और आंगनबाड़ी सुपरवाइजर जैसी प्रतियोगी परीक्षाएं उत्तीर्ण कर चुकी हैं। लगातार मिल रही सफलताओं ने उन्हें क्षेत्र की युवतियों के लिए प्रेरणा स्रोत बना दिया है।
कठिन परिश्रम और अनुशासन बना सफलता की कुंजी
हमारे संवाददाता से चर्चा में साधिका ने बताया कि उन्होंने नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास को अपनी सफलता का आधार बनाया। उन्होंने कहा कि परिवार का सहयोग और पिता की प्रेरणा उन्हें हमेशा आगे बढ़ने की शक्ति देती रही।

उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को संदेश दिया कि लक्ष्य स्पष्ट रखें और निरंतर मेहनत करते रहें। असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
क्षेत्र में खुशी की लहर
साधिका की इस उपलब्धि पर हिडोरिया सहित दमोह जिले में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि साधिका ने यह साबित कर दिया कि छोटे कस्बों की बेटियां भी बड़े सपने साकार कर सकती हैं।उनकी सफलता ने क्षेत्र के विद्यार्थियों में नया उत्साह और आत्मविश्वास जगाया है।








