दमोह छतरपुर जिले की बक्स्वाहा तहसील के धरमपुरा गांव में छत पर खेलते समय एक 10 वर्षीय छात्र करंट की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में परिजन उसे आज शनिवार दोपहर करीब 1 बजे दमोह जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार धरमपुरा निवासी विजय अहिरवार (10), पिता रघुवर अहिरवार, कक्षा छठवीं का छात्र है। वह घर की छत पर खेल रहा था, तभी पास से गुजर रही विद्युत तार की चपेट में आने से उसे करंट लग गया। करंट लगते ही बच्चा बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना के बाद परिजन तुरंत उसे बक्स्वाहा अस्पताल ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए दमोह जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल लाए जाने पर डॉक्टरों द्वारा बच्चे का उपचार किया जा रहा है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंची। जिन्होंने परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।









