दमोह। भारतीय क्रिकेट टीम द्वारा टी-20 विश्व कप जीतने पर दमोह शहर में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात 12 से 1 बजे तक जश्न का माहौल रहा। घंटाघर, पुराना थाना, महाकाली चौराहा, उमा मिस्त्री की तलैया और महिला बस्ती ग्रह सहित कई क्षेत्रों में युवाओं ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ जीत का जश्न मनाया। मैच जीतते ही बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर निकल आए और भारत माता के जयकारे लगाए तथा टीम इंडिया को बधाई दी।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर घंटाघर क्षेत्र में कोतवाली टीआई मनीष कुमार, प्रधान आरक्षक अजीत दुबे, आकाश पाठक सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति नहीं बनी।
जानकारी के अनुसार टी-20 विश्व कप 2026 का फाइनल मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में 159 रन पर ऑलआउट हो गई और भारत ने 96 रन से ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
भारत की ओर से संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 89 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा ने 52 रन और ईशान किशन ने 54 रन की तेज पारी खेलकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने घातक प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट लिए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि अक्षर पटेल ने 3 विकेट लेकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस जीत के साथ भारत ने टी-20 विश्व कप का तीसरा खिताब अपने नाम किया और लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीतकर इतिहास रच दिया।









