दमोह। आगामी 11 मार्च को प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर और एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी हटा पहुंचे, जहां उन्होंने जनपद सभागार में अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
बैठक के बाद कलेक्टर और एसपी ने संभावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान मॉडल स्कूल ग्राउंड, नवोदय ग्राउंड, चौरसिया डामल प्लांट सोसायटी मैदान और गौरीशंकर मैदान का अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम के लिए उपयुक्त स्थानों, सभा स्थल और हेलिपैड निर्माण को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली गई।
इस मौके पर विधायक उमादेवी खटीक और उनके परिवार की ओर से चौरसिया प्लांट परिसर में मुख्यमंत्री की सभा आयोजित कराने का सुझाव दिया गया। अधिकारियों ने सभी संभावित स्थलों की रिपोर्ट तैयार कर भोपाल भेजने और शासन स्तर से अनुमति मिलने के बाद अंतिम स्थल तय करने की बात कही।
बैठक में कलेक्टर ने गर्मी को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने, नगर में प्रमुख स्थानों पर प्याऊ खोलने और ओआरएस पाउडर उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। साथ ही ब्लड डोनेशन कैम्प आयोजित करने की भी योजना बनाने को कहा गया। प्लास्टिक की बोतलों और पाउच के उपयोग पर सख्त रोक लगाने तथा प्याऊ में तांबे के बर्तनों के उपयोग के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा बिजली विभाग को कार्यक्रम के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, हेलिपैड निर्माण और बैरिकेडिंग के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने तथा जिला परिवहन अधिकारी को बसों और अन्य वाहनों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। सभी विभागों को एसडीएम राकेश सिंह मरकाम के साथ समन्वय कर 11 मार्च से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में जनपद अध्यक्ष गंगाराम पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया, जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपागरे, एसडीओपी प्रभारी सौरभ त्रिपाठी, तहसीलदार आलोक जैन, वन परिक्षेत्र अधिकारी ऋषि तिवारी, बीएमओ उमाशंकर पटेल, हटा थाना प्रभारी सुधीर बेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।








