दमोह नई पीढ़ी में बढ़ते तनाव, दुर्व्यसन, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और अकेलेपन जैसी समस्याओं को लेकर कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने आज रविवार शाम 7 बजे समाज से गंभीरता से विचार करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हाल के समय में सामने आ रही चिंताजनक घटनाएँ हम सभी को आत्ममंथन के लिए प्रेरित करती हैं। इन समस्याओं का समाधान केवल प्रशासन के स्तर पर संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए पूरे समाज को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी।
कलेक्टर ने कहा कि युवाओं को सही दिशा देने में परिवार, समाज, शैक्षणिक संस्थान और सामाजिक संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने नागरिकों, सामाजिक संगठनों और बुद्धिजीवियों से इन समस्याओं के समाधान के लिए व्यावहारिक सुझाव देने का आग्रह किया है।
उन्होंने कहा कि सामाजिक चेतना को मजबूत करना और युवाओं के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करना समय की आवश्यकता है। सामूहिक प्रयासों से ही आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित और बेहतर भविष्य दिया जा सकता है।









