दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र के कुलुवा पट्टी गांव मे शनिवार शाम 5 वर्षीय मासूम बच्चे की पत्थर पटक कर हत्या कर दिए जाने की घटना सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई वही आरोपी मौके से फरार हो गया।
परिजन गंभीर रूप से घायल बच्चे को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के मुताबिक देवेंद्र पिता भगत सिंह निवासी कुलुवा पट्टी उम्र 5 वर्ष के ऊपर गांव के ही सतीश नामक युवक ने उस समय हमला किया, जब वह शाम को भोजन के बाद चबूतरे के पास खेल रहा था। आरोपी ने उसके सिर पर पत्थर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही कोतवाली टीआई मनीष कुमार जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। वहीं जिला अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने बच्चे को स्वास्थ्य परिक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद शव को जिला अस्पताल में बने शवगृह में सुरक्षित रखवाया गया है। जहां कल रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
मृतक के दादा रूप सिंह ने बताया कि हमले के कारणों की उन्हें जानकारी नहीं है। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है और घटना के कारणों की जांच कर रही है। गांव में घटना के बाद शोक और आक्रोश का माहौल है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए बांदकपुर चौकी पुलिस ने आरोपी को बनवार चौकी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना के मुख्य कारणों की जांच शुरू कर दी है।








