पथरिया। शासकीय महाविद्यालय द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का सात दिवसीय विशेष शिविर 27 फरवरी 2026 को उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में तहसीलदार दीपा चतुर्वेदी उपस्थित रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में थाना प्रभारी पथरिया अमित मिश्रा ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शासकीय महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनय कुमार वर्मा ने की। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जगदीश अहिरवार एवं सह-कार्यक्रम अधिकारी संध्या शर्मा सहित समस्त महाविद्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम में कॉलेज के प्रशासनिक अधिकारी गजेंद्र नामदेव तथा ग्राम पंचायत मिर्जापुर के सरपंच अजीत पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।

सात दिवसीय शिविर के दौरान स्वयंसेवकों द्वारा ग्राम मिर्जापुर में व्यापक गतिविधियां संचालित की गईं। छात्र-छात्राओं ने गांव का सामाजिक एवं आर्थिक सर्वे किया, स्वच्छता अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों और गलियों की साफ-सफाई की। इसके साथ ही जागरूकता रैलियां, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति और स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
समापन अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया। देशभक्ति गीत, नृत्य और नाटक के माध्यम से सामाजिक संदेश भी दिए गए।
मुख्य अतिथि दीपा चतुर्वेदी ने स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं को समाज सेवा की दिशा में प्रेरित करती है।
विशिष्ट अतिथि अमित मिश्रा ने विद्यार्थियों को अनुशासन और कानून के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवकों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए और आभार प्रदर्शन के साथ शिविर का समापन हुआ।








