दमोह शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र की बजरिया चौकी अंतर्गत सुल्तानी मोहल्ला में सोमवार शाम एक युवक ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची बजरिया चौकी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवक को फंदे से उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार सुल्तानी मोहल्ला निवासी 34 वर्षीय नितेश ठाकुर पिता टेक सिंह ठाकुर ने अज्ञात कारणों के चलते घर में पंखे से फंदा बनाकर लटककर आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया। घटना की जानकारी उसकी पत्नी दुर्गा ठाकुर ने पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही बजरिया चौकी प्रभारी राकेश पाठक के नेतृत्व में आरक्षक विक्रम सिंह राठौर सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल युवक को फंदे से नीचे उतारा और सांसें चलती देख उसे जिला अस्पताल दमोह लेकर पहुंचे।
अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने युवक की स्थिति गंभीर लेकिन स्थिर बताते हुए उसे आईसीयू वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया है। पुलिस की तत्परता से समय रहते युवक को बचा लिया गया, अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।








