दमोह। दमोह–जबलपुर स्टेट हाईवे पर नोहटा थाना क्षेत्र के हथिनी गांव के पास बुधवार शाम 3 से 4 बजे के बीच एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक बहन के घर दतला गांव जा रहा था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक के सिर के परखच्चे उड़ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई और पहचान करना भी मुश्किल हो गया।
सूचना पर जबलपुर नाका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त के बाद उसे जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया। मृतक की पहचान बटियागढ़ थाना अंतर्गत आने वाले भाट बम्होरी निवासी अमृत अहिरवार पिता देवकरण अहिरवार के तौर पर हुई है।
घटना के संबद्ध में मृतक के चाचा पवन अहिरवार ने बताया कि अमृत दमोह के एकलव्य विश्वविद्यालय में पढ़ता था और बुधवार सुबह कॉलेज आया था। दोपहर में बहन के घर जाते समय यह हादसा हो गया। बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जबलपुर नाका चौकी प्रभारी प्रसिता कुर्मी ने बताया मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल शव को जिला अस्पताप के शव ग्रह में रखवाया गया है। जहां कल गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।









