दमोह अखंड बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग को लेकर 16 फरवरी से 13 मार्च 2026 तक वनवासी राम की नगरी चित्रकूट से रामराजा सरकार ओरछा धाम तक जन आक्रोश रथ यात्रा निकाली जा रही है। मोर्चा अध्यक्ष भानू सहाय के नेतृत्व में निकाली जा रही इस यात्रा में कार्यकर्ताओं ने “याचना नहीं अब रण होगा” का नारा देते हुए आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है।
यात्रा चित्रकूट से प्रारंभ होकर बांदा, पन्ना, दमोह, सागर, टीकमगढ़, ललितपुर, दतिया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, छतरपुर, निवाड़ी और झांसी होते हुए ओरछा में समापन करेगी। वहीं दमोह पहुंचने पर जुगल किशोर भगवान के दर्शन कर गांव-गांव जनसंपर्क किया गया। अधिवक्ताओं से मुलाकात कर समर्थन मांगा गया, जहां बार संघ पदाधिकारियों ने राज्य निर्माण के लाभ गिनाए।
आज गुरुवार शाम शहर के अंबेडकर चौक से गांधी चौक तक मशाल जुलूस निकाला गया, जिसमें बुंदेलखंड राज्य के समर्थन में नारे लगे। इसके बाद यात्रा सागर की ओर रवाना हुई। वहीं इस दौरान मुख्य रूप से नितिन मिश्रा, शोक सक्सेना, रघुराज शर्मा, वरुण अग्रवाल, भगवान सिंह यादव हनीफ खान, पंकज रावत, अंकित परिहार सहित बड़ी संख्या में सदस्यों की मौजूदगी रही।









