दमोह। दमोह जिले के मडियादो थाना क्षेत्र अंतर्गत कांटी गांव में बस संचालन को लेकर हुए विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है। बस संचालक के साथ कथित मारपीट के मामले में मडियादो थाने में रिपोर्ट दर्ज न किए जाने से आक्रोशित पीड़ित परिजन आज बुधवार दोपहर करीब 3 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और एसपी के नाम ज्ञापन सौंपा।
पीड़ित पक्ष ने ज्ञापन में बताया कि बस के आगे-पीछे नंबर होने को लेकर सवारी बैठाने के दौरान विवाद हुआ था। इसी विवाद में छतरपुर की श्रीराम बस के संचालक अवधेश गोस्वामी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर बस संचालक के साथ मारपीट की। घटना के बाद पीड़ित पक्ष मडियादो थाना पहुंचा, लेकिन आरोप है कि थाने में अब तक कोई FIR दर्ज नहीं की गई। पीड़ित परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और तत्काल रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।









