दमोह शहर में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। न्यू दमोह क्षेत्र की घटना के दो दिन बाद शनिवार शाम शहर के व्यस्ततम बस स्टैंड इलाके में एक और सनसनीखेज चाकूबाजी सामने आई। शराब दुकान के सामने हुए इस हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायलों के दोस्त रोहित पटेल ने बताया कि वह अपने मित्र नितिन दुबे और शिवम आठिया के साथ बस स्टैंड स्थित शराब दुकान के सामने किसी व्यक्ति से पैसे लेने पहुंचे थे। इसी दौरान सिल्लू रायकवार और कल्लू विश्वकर्मा बाइक से मौके पर पहुंचे। दोनों ने बाइक से उतरते ही नितिन और शिवम पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और फरार हो गए।
घटना के बाद बस स्टैंड क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। दोनों घायल किसी तरह कोतवाली थाना पहुंचे और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। हालत गंभीर होने पर पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल भेजा, जहां दोनों का इलाज जारी है।
पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। लगातार हो रही चाकूबाजी की घटनाओं से शहर में दहशत का माहौल है। दिनदहाड़े सार्वजनिक स्थानों पर हो रहे हमले पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं। अब देखना यह है कि पुलिस कब तक इन बढ़ते अपराधों पर लगाम लगा पाती है और अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाती है।









