दमोह।
पथरिया पुलिस ने लखरौनी–पथरिया मार्ग पर बुधवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए कार से 7 पेटी अवैध शराब जब्त की है। मौके पर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। जब्त की गई शराब की कीमत लगभग 33 हजार रुपये बताई जा रही है।
सूचना के आधार पर नाकाबंदी, कार को रोका
पथरिया थाना प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि लखरौनी की ओर से एक कार अवैध शराब लेकर पथरिया की तरफ आने वाली है। सूचना पर तत्काल रात में पुलिस टीम ने लखरौनी–पथरिया रोड पर नाकाबंदी की व्यवस्था की।
नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध कार एमपी-15 ZA 0818 (स्विफ्ट डिजायर) को रोका गया। कार रुकते ही अंधेरे का फायदा उठाकर एक युवक मौके से भाग निकला।
प्रशांत अठ्या गिरफ्तार, कार में छिपाकर लाई जा रही थी शराब
कार में मौजूद सागर निवासी प्रशांत अठ्या को पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी में कार की पिछली सीट पर और सीटों के नीचे छिपाकर रखी गई 7 पेटी लाल मदिरा बरामद हुई। पुलिस के अनुसार जब्त शराब की कुल कीमत लगभग 33,000 रुपये है।
कार और शराब दोनों जब्त
पुलिस ने अवैध मदिरा सहित कार को जब्त कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने आसपास क्षेत्रों में सर्चिंग की, साथ ही उसके संभावित ठिकानों पर दबिश भी दी जा रही है।
अवैध शराब पर लगातार कार्रवाई
थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में अवैध रूप से शराब ले जाने और सप्लाई करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। पुलिस टीम अवैध कारोबार में लिप्त व्यक्तियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई कर रही है।









