दमोह शहर के कोतवाली थाना अंतर्गत आने वाले चैनपुरा बजरिया वार्ड नंबर 6 में आज शनिवार शाम 5 बजे युवती के द्वारा पड़ोस में ही महिला से हुए विवाद के बाद जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिए जाने की घटना सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक चैनपुरा निवासी निक्की पिता गुल्लन पठान का पास में ही रहने वाली कविता बाल्मिकी से विवाद चल रहा है। दोनों ही पक्षों के द्वारा पूर्व में कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी। बीते दिन सुलह के बाद दोनों पक्षों ने आगे किसी तरह का विवाद न करने की बात कही थी।
लेकिन आज दोपहर पुनः विवाद के बाद मानसिक रूप से प्रताड़ित होकर निक्की पठान ने अपने ही सूने घर में जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया।
घटना के बाद गंभीर हालत में परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहाँ मौजूद डॉक्टर ने युवती का उपचार शुरु कर दिया है। परिजनों ने घटना के सम्बन्ध में कोतवाली पुलिस को अवगत कराया है। जहाँ पुलिस ने भी मामले को संज्ञान में लेते हुए विवेचना शुरू कर दी है।









