दमोह–जबलपुर स्टेट हाईवे पर गुबरा गांव स्थित गुरु कृपा होटल के पास एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। हाईवे किनारे शव पड़े होने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल जबेरा थाना पुलिस को जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही जबेरा थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान दमोह निवासी दयाराम काढ़ेरे के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार दयाराम तीन-चार दिन पूर्व घूमने के उद्देश्य से क्षेत्र में आए थे और उसके बाद से उनका कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था।
थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान ने बताया कि प्रथम दृष्टया अत्यधिक ठंड के कारण मृत्यु होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जबेरा अस्पताल भेजा।
घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुरेनहाउ निवासी पीतम साहू ने बताया कि मृतक उनके फूफा लगते हैं और खबर मिलते ही परिवार सदमे में है। मौके पर प्रधान आरक्षक रणधीर सिंह, आरक्षक शिव विश्वकर्मा, जानकी और एनआरएस राहुल दुबे सहित पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।









