होम पेजताजा खबरेलाइवदेश-विदेशखेलमध्यप्रदेशबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनलाइफस्टाइलराशिफलआध्यात्मिकराजनीति18+

---विज्ञापन---

गौपुरा में अवैध शराब के खिलाफ फूटा आक्रोश, स्थानीय लोगों ने सागर नाका चौकी का किया घेराव, महिला से छेड़छाड़ के आरोपी पर कार्रवाई व शराब बंदी की मांग

On: दिसम्बर 21, 2025 1:14 अपराह्न
Follow Us:
---विज्ञापन---

दमोह। सागर नाका चौकी क्षेत्र अंतर्गत गौपुरा और हिरदेपुर में अवैध शराब बिक्री और उससे जुड़े असामाजिक तत्वों की गतिविधियों के खिलाफ रविवार को रहवासियों का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। शराब के नशे में एक युवक द्वारा उपद्रव मचाते हुए महिला से छेड़छाड़ की घटना के बाद गुस्साए क्षेत्रवासियों ने बड़ी संख्या में सागर नाका चौकी का घेराव कर प्रदर्शन किया।

गौपुरा में अवैध शराब के खिलाफ फूटा आक्रोश,महिला से छेड़छाड़ के आरोपी पर कार्रवाई व शराब बंदी की मांग

वहीं आज रविवार सुबह करीब 11 बजे गौपुरा सहित आसपास के रहवासी एकजुट होकर सागर नाका चौकी पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने और महिला से छेड़छाड़ के आरोपी आशीष अहिरवार के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना था कि अवैध शराब के कारण क्षेत्र का माहौल लगातार बिगड़ता जा रहा है।

स्थानीय रहवासियों ने आरोप लगाया कि गौपुरा में लल्लू चौधरी एवं रवि चौधरी द्वारा खुलेआम अवैध शराब का विक्रय किया जा रहा है। इसके चलते क्षेत्र में शराब पीकर मारपीट, लूटपाट और अन्य हिंसक घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है। रहवासियों के अनुसार हालात ऐसे हो गए हैं कि महिलाओं और युवतियों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है और उन्हें रोजाना भय व परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने मौके पर मौजूद सागर नाका चौकी प्रभारी रोहित द्विवेदी को आवेदन सौंपा। आवेदन में अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने, शराब विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने और महिला से छेड़छाड़ के आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो रहवासी उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

चौकी प्रभारी ने प्रदर्शनकारियों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। फिलहाल मामले को लेकर पुलिस पर दबाव बढ़ गया है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

Choukidar News

चौकीदार न्यूज़ - खबर वही जो सिस्टम हिला दे.

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment