दमोह हटा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए रसीलपुर मार्ग पर अवैध शराब से भरी एक ऑल्टो कार पकड़ी है। घेराबंदी कर वाहन को रोका गया, तभी एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर चलती कार से कूदकर खेतों की ओर फरार हो गया।
पुलिस ने कार चालक संदीप पिता वेद सिंह राजपूत निवासी ग्राम सुजान तैलया थाना गैसाबाद को हिरासत में लिया है। तलाशी के दौरान कार की पीछे की सीट फोल्ड कर रखी गई 10 पेटी देशी शराब बरामद की गई। पूछताछ में फरार आरोपी का नाम कमलू अहिरवार निवासी रसीलपुर बताया गया, जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
मामले में हटा थाना प्रभारी सुधीर बेगी ने बताया दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। जब्त शराब की कीमत लगभग 50 हजार और वाहन की कीमत 1 लाख रुपये आंकी गई है।









