दमोह जिले के हटा नगर में एक इलेक्ट्रिशियन के साथ ऑनलाइन ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। अज्ञात ठगों ने उसके बैंक खाते से करीब 4 लाख रुपए निकाल लिए। पीड़ित मठ्ठूलाल चौरसिया ने संबंधित बैंक और हटा थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित ने बताया कि कुछ दिन पहले उसे एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम मोनू दास बताया और किसी प्रलोभन के बहाने बैंक संबंधी जानकारी लेने की कोशिश की। मठ्ठूलाल ने जानकारी देने से इनकार कर दिया, लेकिन बातचीत के दौरान वह कॉल काटना भूल गए। उन्हें अंदेशा है कि इसी दौरान ठगों ने किसी तरह खाते तक पहुंच बना ली।
उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह जब वे एक परिचित को फोन-पे के माध्यम से भुगतान कर रहे थे तो ट्रांजेक्शन फेल हो गया। इसके बाद बैलेंस चेक करने पर खाते से बड़ी राशि गायब मिली। घबराए मठ्ठूलाल तुरंत बैंक पहुंचे, जहां जांच में सामने आया कि उनके खाते से दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन में क्रमशः 2 लाख रुपए और 1 लाख 99 हजार 600 रुपए दूसरे खातों में ट्रांसफर हुए हैं।
पीड़ित के मुताबिक यह रकम उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए मजदूरी कर जोड़ रखी थी। घटना के बाद से परिवार सदमे में है। उन्होंने बैंक प्रबंधन और पुलिस से राशि वापस दिलाने तथा अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है।
हटा थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल की मदद से ट्रांजेक्शन डिटेल खंगाली जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात कॉल पर बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें और संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।









