दमोह जिले के हटा नगर में अग्रवाल पंप के पास गुरुवार सुबह एक निजी स्कूल की मैजिक वैन और डम्पर की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में वैन में सवार दो छात्र मामूली रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य बच्चे बाल-बाल बच गए। घटना सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही डायल 112, हटा थाना प्रभारी सुधीर बेगी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटना के बाद बच्चों के परिजन मौके पर पहुंच गए। घायल छात्रों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि स्कूल वैन बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी, तभी सामने से आ रहे डम्पर से टक्कर हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार मुख्य मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य के चलते यातायात एक ही लेन में संचालित हो रहा है, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और मामले की जांच शुरू कर दी है।









