दमोह आगामी होली एवं रमजान पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से दमोह पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने के लिए रविवार रात कोतवाली पुलिस के द्वारा शहर के प्रमुख मार्गों से फ्लैग मार्च निकाला गया।
यह फ्लैग मार्च पुलिस अधीक्षक के निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदोरिया के मार्गदर्शन एवं सीएसपी एचआर पांडे के नेतृत्व में आयोजित किया गया। मार्च में कोतवाली टीआई मनीष कुमार, टीआई यातायात दलबीर सिंह मार्को, सूबेदार अभिनव साहू, एएसआई दिनेश गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल रहा।
फ्लैग मार्च कोतवाली चौराहा से प्रारंभ होकर शहर के अंबेडकर चौक, घंटाघर, एवरेस्ट लॉज, बस स्टैंड सहित शहर के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। पुलिस बल ने पैदल भ्रमण कर आम नागरिकों से संवाद स्थापित किया और पर्व के दौरान शांति एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, हुड़दंग या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।
सीएसपी ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि दमोह की गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस की मौजूदगी से बाजार क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल दिखाई दिया। आम नागरिकों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना की और त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का आश्वासन दिया।
पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि त्योहारों के दौरान शहर में लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी और सभी संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात रहेगा, ताकि दोनों पर्व शांति, सौहार्द और उल्लास के साथ संपन्न हो सकें।








