दमोह। इंदौर में दूषित पानी पीने से 16 लोगों की मौत के बाद पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया है। इसी के तहत दमोह जिले में भी प्रशासन सतर्क हो गया है। मंगलवार सुबह कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने शहर के राजनगर जलाशय, फिल्टर प्लांट और धरमपुरा क्षेत्र की पेयजल सप्लाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को नियमित पेयजल सप्लाई सुनिश्चित करने, पाइपलाइन और पानी की टंकियों की साफ-सफाई के निर्देश दिए।
मामले में आज मंगलवार दोपहर 2 बजे मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेंद्र सिंह लोधी ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर शहर के 8 अलग-अलग स्थानों से पानी के सैंपल लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए जल संसाधन विभाग को सौंपा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
पेयजल सप्लाई से जुड़ी कंपनी को भी नियमित जांच के निर्देश दिए गए हैं। इंदौर जैसी घटना न हो, इसके लिए नालियों से गुजर रही पेयजल पाइपलाइनों को अलग-अलग करने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और दूषित पानी की सूचना तुरंत देने की अपील की है।









