दमोह। कोतवाली थाना पुलिस ने वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने वाहन चोर गिरोह से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। ये दोनों बाइक जिला अस्पताल और मिशन अस्पताल क्षेत्र से चोरी की गई थीं।
कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि 3 जनवरी 2026 को धरमपुरा वार्ड निवासी अनिल पटैल ने जिला अस्पताल परिसर से अपनी एचएफ डीलक्स बाइक (MP 34 ME 8414) चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 14/26 धारा 303 बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक दमोह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध के हुलिए के आधार पर लगातार पतासाजी की। 5 जनवरी को पूछताछ के दौरान शंभू बंसल पिता चोखेलाल बंसल (28 वर्ष) निवासी बांसा तारखेड़ा दमोह को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने जिला अस्पताल से बाइक चोरी करने के साथ वर्ष 2024 में मिशन अस्पताल क्षेत्र से भी एक एचएफ डीलक्स बाइक चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपी के कब्जे से एचएफ डीलक्स बाइक MP 34 ME 8414 (कीमत 50 हजार रुपये) और MP 34 MK 9669 (कीमत 40 हजार रुपये) बरामद की गईं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। साथ ही उससे अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार, उपनिरीक्षक अलजार सिंह सहित कोतवाली पुलिस टीम के सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।









