दमोह देहात थाना क्षेत्र की जबलपुर नाका चौकी अंतर्गत मलैया कृषि फार्म के सामने शुक्रवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल के शवगृह भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह राहगीरों ने मलैया कृषि फार्म के सामने सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा देखा।
पास ही उसकी बाइक खड़ी थी। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जबलपुर नाका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल के बाद मृतक की पहचान सुरेंद्र पिता प्रहलाद यादव (30) निवासी मुडे़री, थाना तेजगढ़ के रूप में की गई। परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया।
पुलिस के अनुसार सुरेंद्र गुरुवार से लापता था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। शुक्रवार सुबह उसका शव मिलने की खबर से परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
प्रारंभिक जांच में शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। शुक्रवार सुबह 11 बजे एएसआई अभय सिंह ने बताया कि मर्ग कायम कर लिया गया है। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर रही है और युवक के मोबाइल कॉल डिटेल सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।









