दमोह। शहर के न्यू दमोह क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सीता बावली मुक्तिधाम मार्ग पर कचरे के ढेर में एक अज्ञात युवक का शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। युवक के दोनों हाथ गमछे से बंधे हुए थे, जिससे प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव मिलने की सूचना फैलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
सूचना मिलते ही सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी स्वयं मौके पर पहुंचे। उनके साथ कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार, देहात थाना प्रभारी रचना मिश्रा, बजरिया चौकी प्रभारी राकेश पाठक सहित पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं। जेब की तलाशी के दौरान कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिलने से शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
संवेदनशील क्षेत्र, पहले भी चल चुका है सर्च अभियान
मामले को लेकर एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बताया कि सुबह सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। यह क्षेत्र शहर का बेहद संवेदनशील इलाका माना जाता है। कुछ दिन पूर्व यहां दबिश देकर सर्च अभियान भी चलाया गया था और अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लोगों की आवाजाही आसान होने के कारण हर एंगल से जांच की जा रही है।
फोरेंसिक टीम सक्रिय, बढ़ेगी सुरक्षा
एसपी ने बताया कि एसएफएल, फिंगरप्रिंट और अन्य फोरेंसिक टीमों को सूचना दे दी गई है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मृतक की पहचान के प्रयास भी तेज कर दिए हैं।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा के मद्देनज़र क्षेत्र में पहले से 44 सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं और आने वाले समय में सुरक्षा और बढ़ाई जाएगी। अतिरिक्त भवन तैयार कर एसएएफ के जवानों की यहां स्थाई तैनाती की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और आरोपियों का खुलासा किया जा सकेगा।









