दमोह। नववर्ष के अवसर पर दमोह जिले के धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थल बड़ी संख्या में सैलानियों और श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहे हैं। बांदकपुर का जागेश्वरनाथ मंदिर, कुंडलपुर के बड़े बाबा, हटा में चंडी माता माता मंदिर, नोहटा में नोहलेश्वर मंदिर, अजब धाम फतेहपुर, जरारू धाम प्रसिद्ध जल स्रोत शिव धाम, सीता नगर स्थिति मड़कोले मंदिर, सिंग्रामपुर स्थित रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व, राजनगर सरोवर, कुम्हारी का घाट पिपरिया, नरसिंहगढ़ का किला, पथरिया और हटा क्षेत्र सहित अन्य स्थल नए साल पर घूमने के लिए प्रमुख विकल्प बने हुए हैं। जिसे देखते हुए अधिकतर लोग आस पास के पर्यटन स्थलों पर पहुंचकर नववर्ष का आनंद लेने पहुंचेंगे। जिला प्रशासन के द्वारा नव वर्ष के चलते सुरक्षा संबंधी खास इंतजाम भी किए गए है।

नववर्ष को देखते हुए भी जिला प्रशासन ने पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा, शांति और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए सख्त गाइडलाइन जारी की है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार कोचर द्वारा जारी आदेश के अनुसार 31 दिसंबर 2025 दोपहर 12 बजे से 1 जनवरी 2026 रात्रि 12 बजे तक जिले की भौगोलिक सीमाओं में आने वाले रानी दुर्गावती अभयारण्य और नौरादेही अभयारण्य के कोर, बफर एवं चिन्हित ईको-सेंसिटिव क्षेत्रों में पार्टी, जलसा एवं तेज ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

गाइडलाइन में स्पष्ट किया गया है कि इस अवधि में सड़क, जंगल या नदी के समीप अनाधिकृत गतिविधियां, शराब पीकर वाहन चलाना, 10 से अधिक व्यक्तियों का जमावड़ा अथवा कोई भी ऐसी गतिविधि जिससे आमजन, पर्यटकों या वन्य प्राणियों की दिनचर्या प्रभावित हो, प्रतिबंधित रहेगी। होटल, लॉज और रिसोर्ट संचालकों को भी साउंड सिस्टम के उपयोग पर विशेष नियंत्रण रखने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर ने अपील की है कि पर्यटक और स्थानीय नागरिक नए वर्ष का आनंद शांति, संयम और नियमों के पालन के साथ लें। आदेश के उल्लंघन पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 सहित अन्य प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि नववर्ष उत्सव के दौरान जिले की कानून-व्यवस्था, पर्यावरण संतुलन और पर्यटन की सकारात्मक छवि बनी रहे।

जिले के सभी पर्यटन स्थलों पर नववर्ष के चलते हर वर्ष हजारों लोग पहुंचते है। यह पर्यटन स्थल जितने लुभावने और आकर्षित करने वाले है उतने ही खतरनाक भी इसलिए सावधानी के साथ आनंद लें।









