दमोह शहर के फुटेरा वार्ड क्रमांक 3 गायत्री मंदिर क्षेत्र के पास रहने वाले एक परिवार के घर में जबरन घुसकर मारपीट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें वार्ड के पार्षद प्रतिनिधि कासिम खान खुलेआम गुंडागर्दी करते दिखाई दे रहे हैं।
पीड़ित चंद्रशेखर उपाध्याय के अनुसार, मामला पहले से न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद दबाव बनाकर घर खाली कराने की कोशिश की गई। आरोप है कि कासिम खान अपने साथियों के साथ जबरन उनके घर में घुसे, घर की महिलाओं और पीड़ित के बेटे के साथ मारपीट की। वहीं एक बच्चे पर ब्लेड से हमला कर उसे घायल कर दिया गया। घटना के दौरान घर का ताला भी तोड़ा गया।
पीड़ित का कहना है, कि यह पूरी कार्रवाई अनुज टंडन के कहने पर की गई, ताकि जबरन मकान पर कब्जा कराया जा सके। घटना शहर के बीचोबीच होने से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
घटना के बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत कोतवाली थाना में दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है।
अब सवाल यह है कि क्या रसूखदारों की दबंगई पर कानून लगाम लगाएगा, या शहर में खुलेआम गुंडागर्दी यूं ही चलती रहेगी?









