पथरिया – मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शुक्रवार पथरिया विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज रही। कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार पर की गई टिप्पणी और केंद्र सरकार के ‘अमेरिका समझौते’ के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर के मुख्य संजय चौराहे पर उग्र प्रदर्शन किया।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच ‘कसा-कसी’
प्रदर्शन के दौरान उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब कांग्रेसी कैलाश विजयवर्गीय का पुतला फूंकने की कोशिश करने लगे। मौके पर मौजूद पथरिया थाना प्रभारी और पुलिस बल ने पुतला दहन रोकने के लिए बल प्रयोग किया। काफी देर तक पुलिस और कांग्रेसियों के बीच छीना-झपटी और धक्का-मुक्की चलती रही, जिससे चौराहे पर हंगामे जैसी स्थिति बनी रही।
कैलाश विजयवर्गीय का बयान पूरे आदिवासी समाज का अपमान: लक्ष्मण सिंह
वरिष्ठ कांग्रेस नेता लक्ष्मण सिंह ने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “विधानसभा सत्र के दौरान कैलाश विजयवर्गीय ने आदिवासी नेता उमंग सिंघार को ‘औकात’ दिखाने की बात कही है। यह केवल एक नेता का नहीं, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश के आदिवासी समाज का अपमान है। कांग्रेस इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।”
किसानों के मुद्दे पर घेरा: ‘अमेरिका डील’
कांग्रेस नेता लक्ष्मण सिंह ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अमेरिका के साथ जो हालिया समझौता किया गया है, वह भारतीय किसानों की कमर तोड़ने वाला है। इस समझौते से स्थानीय किसानों के हितों को भारी नुकसान होगा और उनकी आर्थिक स्थिति और खराब होगी।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रत्नेश सोनी ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के नेता सत्ता के मद में चूर होकर संवैधानिक मर्यादाएं भूल चुके हैं।
”भाजपा सरकार लगातार जनविरोधी फैसले ले रही है। अगर आदिवासियों और किसानों के सम्मान के साथ खिलवाड़ बंद नहीं हुआ, तो आने वाले समय में कांग्रेस जेल भरो आंदोलन और उग्र प्रदर्शन करेगी।”
इस प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने हाथों में तख्तियां लेकर “नरेंद्र मोदी-सरेंडर मोदी” और “आदिवासियों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” जैसे नारे लगाए।









